प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था के गिरावट पर चिंता और यूरोप की तर्ज पर शिक्षा के विकास के सपने के साथ मुख्यमंत्री हरीश रावत ने डीएवी छात्रसंघ समारोह में युवाओं से खुद को जोड़ा।
रावत ने यह कहकर छात्रों के दिल छुए कि मैं 65 साल का बूढ़ा जरूर हूं, लेकिन सोच आज भी 32 साल के जवानों जैसी ही रखता हूं। उन्होंने युवाओं से अपनी समस्याओं पर चर्चा के लिए सीएम आवास आने का न्योता भी दिया।
बुधवार को डीएवी कॉलेज के छात्रसंघ समारोह में मुख्य अतिथि सीएम हरीश रावत ने कहा कि प्रदेश को हजारों विद्यालय और महाविद्यालयों की दरकार है।
मकसद युवाओं को पूर्ण शिक्षा
बताया कि एक वर्ष के भीतर देहरादून में तीन नए महाविद्यालय खोले जाएंगे। हर ब्लाक में एक हास्टल वाला स्कूल, हर जिले में एक महाविद्यालय शुरू होगा।
उन्होंने चार इंजीनियरिंग कॉलेजों और दो पालीटेक्निक को सेंटर फॉर एक्सीलेंस बनाने की जानकारी भी दी। सीएम ने कहा कि उनका मकसद युवाओं को पूर्ण शिक्षा से जोड़ना है।
इसके लिए छात्रवृत्ति में ढ़ाई गुना बढ़ोतरी की गई है। 70 प्रतिशत से ज्यादा अंक लाने वाले छात्रों का सार्वजनिक तौर पर सम्मान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह हमेशा छात्रों के दोस्त बनकर रहेंगे। कहा कि जरूरत होने पर छात्र बीजापुर गेस्ट हाउस में आकर उनसे बात कर सकते हैं।
सीएम ने बताया कि दक्ष भारत मिशन की तर्ज पर दक्ष उत्तराखंड मिशन चलाया जा रहा है। इसमें विशेषज्ञों की सलाह से शिक्षा की गुणवत्ता को और बढ़ाया जाएगा।
लोकल आर्केस्ट्रा ने बांधा समा
समारोह के पांचवें दिन लोकल आर्केस्ट्रा और कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रस्तुतियों से समा बांध दिया। इमरान खान ने तूने मारी एंट्री, कुलदीप कुमार ने गीत व शायरी, रमेश नेगी, शुभम चौहान, लक्की ने नृत्य, अखिलेश बहुगुणा, दीपक जोशी व परविंद रावत ने गायन, आरती व दीपिका नेगी ने गढ़वाली नृत्य, अंकुर कोठियाल, अनुराग ने गायन, शिवा शर्मा ने रैप सांग से खूब समां बांधा।
इस अवसर पर मसूरी विधायक गणेश जोशी, भाजपा नेता उमेश अग्रवाल, पूर्व सिंचाई मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण, अखिलेश चौधरी, प्राचार्य डा. देवेंद्र भसीन, डा. कौशल कुमार, छात्र संघ अध्यक्ष सिद्धार्थ राणा, महासचिव रावत, राहुल रावत, अंशुल चावला, आशीष रावत, प्रभाकर, मोनिका, पूर्व विवि प्रतिनिधि विकास नेगी, मोहित शर्मा आदि मौजूद रहे।