केदारनाथ में अपनी टीम के साथ पूरी शिद्दत के साथ पुनर्निर्माण कार्य में जुटे नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) उत्तरकाशी के प्रधानाचार्य कर्नल अजय कोठियाल को मुख्यमंत्री हरीश रावत ने सम्मानित किया। अन्य लोगों को भी आपदा राहत, बचाव में सराहनीय योगदान पर सम्मान दिया गया।
शुक्रवार को नगर निगम टाउन हाल में स्टेट यूनियन आफ वर्किंग जर्नलिस्ट के प्रांतीय सम्मेलन में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने कर्नल कोठियाल को स्मृति चिह्न भेंट किया। सीमा सुरक्षा बल के कमांडेंट राजकुमार नेगी और सेना के जवान योगेंद्र राणा को भी सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने आपदा राहत में सराहनीय कार्य करने वाले सशस्त्र बलों के जवानों व केदारघाटी में पुर्ननिर्माण कार्य में जुटी निम की टीम की प्रशंसा करते हुए उन्हें बधाई दी।
सकारातम पहलू उठाए मीडिया
मुख्यमंत्री ने ‘आपदा व पुर्ननिर्माण में मीडिया की भूमिका’ पर आयोजित परिचर्चा में कहा कि मीडिया को सकारात्मक पहलुओं को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। विधायक राजकुमार ने कहा कि आपदा और आपदा के बाद मीडिया की भूमिका की सराहना की।
इंडियन यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष के विक्रम राव ने पत्रकारिता व पत्रकारों के सामने खड़ी चुनौतियों पर भी उन्होंने प्रकाश डाला। यूनियन के राष्ट्रीय महासचिव परमानंद पांडे, वरिष्ठ पत्रकार सुनील थपलियाल, क्रांति भट्ट, यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष शंकर दत्त शर्मा, प्रदेश महामंत्री मनोज रावत, जिलाध्यक्ष संदीप गुसाईं, जिला महामंत्री शक्ति सिंह, रोबिन चौहान, महिपाल कुंवर, सुरेन रावत, चंदन सिंह, हरेंद्र बिष्ट, चंद्रधर कंडवाल, मोहन खत्री आदि मौजूद रहे।