200 करोड़ के वेंचर फंड से युवाओं को मिलेगा संबल
मुख्यमंत्री ने युवाओं से नौकरी पाने के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर सृजित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि युवा केवल जॉब सीकर न बनें, बल्कि जॉब क्रिएटर बनकर अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएं।
इसके लिए प्रदेश में स्टार्टअप नीति लागू की गई है। नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए इन्क्यूबेशन सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं तथा 200 करोड़ रुपये के वेंचर फंड की व्यवस्था की गई है। युवा प्रोत्साहन योजना और दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के माध्यम से युवाओं को ऋण एवं सब्सिडी की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि आर्थिक संसाधनों की कमी उनके सपनों और नवाचार की राह में बाधा न बने।
उन्होंने कहा कि युवाओं की समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को सीधे सरकार तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेश में युवा आयोग के गठन की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। इससे युवा राज्य की नीतियों और विकास प्रक्रिया में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर सकेंगे।
पारदर्शी भर्ती व्यवस्था से पांच साल में 35 हजार से अधिक युवाओं को नौकरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए पारदर्शी भर्ती व्यवस्था स्थापित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल रहा है। उन्होंने कहा कि एक समय प्रदेश में भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक और नकल जैसी घटनाओं से मेहनती और प्रतिभाशाली युवाओं का व्यवस्था से विश्वास कमजोर हुआ था। अभ्यर्थियों के माता-पिता अपनी जीवनभर की जमा पूंजी बच्चों की शिक्षा पर खर्च करते थे, लेकिन नकल माफिया उनकी मेहनत और प्रतिभा के साथ अन्याय करते थे।