बर्थडे पार्टी के दौरान लोगों ने हर्ष फायरिंग की तो वह क्लब संचालक को भारी पड़ गया। सहस्त्रधारा रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में रविवार रात जन्मदिन पार्टी के दौरान हर्ष फायरिंग करने के आरोप में पुलिस ने कानपुर के हेल्थ क्लब संचालक को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसका लाइसेंसी रिवाल्वर भी जब्त कर लिया है। आरोपी देहरादून एक रिश्तेदार के घर आया था। राजपुर थाना क्षेत्र के सहस्त्रधारा रोड स्थित हिल व्यू रेस्टोरेंट में रविवार रात रायपुर निवासी राजकुमार सिंह के जन्मदिन की पार्टी थी।
पार्टी में राजकुमार के रिश्तेदार धीरेन्द्र प्रताप सिंह निवासी जूही कालोनी कानपुर ने लाइसेंसी रिवाल्वर से कई राउंड फायरिंग कर दी। किसी ने फायरिंग की सूचना पुलिस को दी। एसओ राजपुर हरिओम चौहान के अनुसार धीरेन्द्र प्रताप सिंह को हिरासत में लेकर लाइसेंसी रिवाल्वर जब्त कर लिया गया है। उसके पास से तीन खोखे बरामद हुए हैं। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति भेजी जाएगी।