क्षेत्र में सोमवार की दोपहर के बाद हुई झमाझम बारिश से मौसम सुहावना हो गया। इस दौरान चल रही ठंडी हवाओं ने वातावरण में बनी उमस से लोगों को राहत दिला दी।
सुबह से ही तेज धूप की किरणों ने मौसम को कड़क बनाया हुआ था। गर्मी व उमस के कारण लोग दोपहर तक परेशानी के साथ अपने दैनिक कामकाज निपटाते दिखे। दोपहर करीब 3 बजे के बाद आसमान में बादल छाने और ठंडी हवा चलने से मौसम के कड़क मिजाज में कुछ नरमी आई। इसके बाद शुरू हुई झमाझम बारिश से थोड़ी ही देर में वातावरण में बनी उमस व गर्मी गायब हो गई। बारिश के बाद क्षेत्र के हरबर्टपुर और विकासनगर बाजारों में भी लोगों की खूब आवाजाही दिखाई दी। आसमान पर छाए बादलों से यह उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले समय में भी बादल बारिश का दौर जारी रहने वाला है।
नगर के कई इलाकों में भर गया पानी
सोमवार को हुई बारिश के बाद शहर के बाजारों से लेकर गली-मोहल्लों तक हुए जलभराव ने कई घंटों तक लोगों को मुसीबत में डाले रखा। दोपहर के बाद हुई बारिश से सिनेमा गली, कॉलेज रोड, अट्ठाइस फिटा रोड, पंजाबी कॉलोनी, सिंगरा कॉलोनी, भट्टा रोड, सैय्यद रोड, टेलिफोन एक्सचेंज रोड आदि क्षेत्रों में जलभराव हो गया। बताते चलें कि नगर की पानी की निकासी की व्यवस्था पिछले कई साल से नागरिकों के लिए मुसीबत बन रही है। नगर निवासी अमित कुमार, विजय यादव, मंगत साहू ने बताया कि पानी की निकासी नहीं होने के कारण हर एक बारिश के बाद नगर में जलभराव की स्थिति स्थानीय निवासियों व बाजार आने वाले ग्राहकों के लिए मुसीबत बन जाती है। पालिका के अधिशासी अधिकारी बीपी भट्ट ने कहा कि नगर की नालियों-नालों की व्यवस्था बेहद पुरानी है। इनकी नियमित रूप से सफाई कराई जा रही है।