क्लीनिकल एस्टेबलिस्मेंट एक्ट के विरोध में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के आह्वान पर प्राइवेट डाक्टरों की एक दिवसीय देशव्यापी हड़ताल से मंगलवार को मरीजों को फजीहत झेलनी पड़ी।
निजी अस्पताल बंद होने से दून अस्पताल में मरीजों का दबाव बढ़ गया। दून अस्पताल की ओपीडी दो हजार से अधिक पहुंच गई। दोपहर दो बजे तक ओपीडी के बाहर मरीजों की लाइन लगी रही।
निजी प्रेक्टिस करने वाले चिकित्सक क्लीनिकल एस्टेबलिस्मेंट एक्ट का पुरजोर विरोध कर रहे हैं। आईएमए के आह्वान पर प्राइवेट डाक्टरों ने मंगलवार को अपने क्लीनिक बंद रखे।
देहरादून जिले में निजी क्लीनिक एवं अस्पतालों की संख्या 600 से अधिक है। मंगलवार को सभी क्लीनिक बंद रहे। आईएमए के प्रदेश सचिव डीडी के चौधरी के मुताबिक आईएमए से जुड़े मैक्स, इंद्रेश अस्पताल और मेडिकल कालेज के चिकित्सक भी हड़ताल पर रहे।