ट्रैफिक निदेशालय ने सिटी पेट्रोल यूनिट से 16 दारोगाओं समेत 23 कर्मचारियों की छुट्टी कर दी है। इनमें सबसे ज्यादा कर्मचारी देहरादून यूनिट के हैं। इनमें से अधिकांश को शिकायत के आधार पर हटाया गया है। इनके स्थान पर 22 अन्य पुलिसकर्मियों को लिया गया है, जिन्हें एक माह के प्रशिक्षण के बाद सीपीयू का हिस्सा बनाया जाएगा।
ट्रैफिक निदेशालय ने सोमवार को सीपीयू से 23 पुलिसकर्मियों को हटाने के आदेश जारी कर दिया। इनमें 16 दारोगा और सात कांस्टेबल शामिल है। देहरादून की सीपीयू यूनिट से 12, हल्द्वानी से चार, हरिद्वार और रुद्रपुर से तीन-तीन पुलिसकर्मियों को हटाया है।
निदेशक एवं डीआईजी केवल खुराना ने बताया कि इनमें से अधिकांश के खिलाफ कई तरह की शिकायतें थी। सीपीयू के कई दारोगा और कर्मचारियों का समय पूरा हो गया था। इनके स्थान पर सिविल पुलिस और पीएसी के 22 पुलिस कर्मियों का साक्षात्कार के बाद चयन किया है। एक माह के प्रशिक्षण के बाद उन्हें सीपीयू में शामिल कर दिया जाएगा।