हर साल की तरह इस वर्ष भी क्रिसमस से लेकर थर्टी फर्स्ट तक नैनीताल एवं इसके आसपास के क्षेत्रों में देश के विभिन्न प्रांतों के अलावा विदेशी पर्यटकों ने होटलों में एडवांस बुकिंग कराई थी। पर इस बीच सीएए के विरोध में उत्तर प्रदेश के कानपुर, मेरठ, गोरखपुर, अलीगढ़, संभल, बिजनौर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, वाराणसी समेत कई जिलों में हिंसक प्रदर्शन हो रहे हैं।
जिनमें करीब 16 से अधिक लोगों की जान चली गई है, जबकि कई घायल हुए हैं। देश में अचानक बिगड़े माहौल के बीच पर्यटकों ने बुकिंग रद्द करानी शुरू कर दी है। भीमताल होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं कोषाध्यक्ष महेंद्र वर्मा ने बताया कि भीमताल क्षेत्र के होटलों में अब तक 30 से 40 फीसदी एडवांस बुकिंग कैंसल हो चुकी हैं। वहीं रामनगर में भी यही हाल हैं। यहां सौ से अधिक रिजॉर्ट एवं होटल हैं, जहां के पर्यटक भी बुकिंग कैंसल करा रहे हैं।
अब तक 50 फीसदी से अधिक एडवांस बुकिंग कैंसल हो चुकी हैं। हालांकि, कुछ सैलानियों को उम्मीद है कि थर्टी फर्स्ट से पहले हालात सामान्य हो जाएंगे। ऐसे सैलानी होटल प्रबंधन से संपर्क में हैं और उन्होंने अभी बुकिंग कैंसल नहीं कराई है।
- दिनेश साह, अध्यक्ष नैनीताल होटल एसोसिएशन
पहले जिला प्रशासन ने क्रिसमस से थर्टी फर्स्ट तक नैनीताल में धारा-144 लागू करने की खबर छपवा दी और अब देश में बवाल के चलते कोई भी सैलानी नैनीताल आने का रिस्क नहीं लेना चाहता है। 80 फीसदी बुकिंग कैंसल हो चुकी है।
- प्रवीण शर्मा, एग्जिक्यूटिव मेंबर होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन आफ नादर्न इंडिया
दिल्ली, मुंबई आदि से नैनीताल आने वाले अधिकतर सैलानी निजी वाहनों, टैक्सियों अथवा ट्रेन से यूपी से होकर ही यहां तक आते हैं। वर्तमान में यूपी के कई शहर सुलग रहे हैं। ऐसे में इन क्षेत्रों के सैलानी कोई रिस्क नहीं लेना चाहते हैं।
- विनोद गुणवंत अध्यक्ष भीमताल होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन
कैलीफोनिया से आ रहे पर्यटक पीटर ने नौ दिन की बुकिंग कैंसल कर दी है। अन्य पर्यटक भी बुकिंग कैंसल करा रहे हैं। अब तक करीब दस करोड़ का कारोबार चौपट हो गया है। बुकिंग कैंसल होने से सरकार को राजस्व का भी नुकसान हुआ।
- हरिमान, अध्यक्ष होटल एसोसिएशन रामनगर