जानकारी के अनुसार छुट्टियों पर घर आए सीआईएसएफ के एसआई पवन सिंह नेगी अपने गांव बानपुर से परिवार के साथ सोमवार सुबह आल्टो कार से त्यूनी की ओर आ रहे थे।
बानपुर गांव से एक किमी दूर कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इससे कार चला रहे पवन नेगी (32) पुत्र तेग सिंह, उनकी पत्नी रश्मि नेगी(26), चार वर्षीय पुत्री इशिका, बहन सुमन तोमर (33) पत्नी संदीप तोमर, पांच वर्षीय भांजा आरभ तोमर निवासी गास्की जौनसार हाल निवास धर्मावाला- विकासनगर और बुआ मूर्ति देवी (72) पत्नी स्व. भागचंद राणा निवासी ग्राम सैंज तहसील जुब्बल जिला शिमला (हिमाचल) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
बताया गया है सीआईएसएफ में सब इंस्पेक्टर पवन नेगी कुछ दिनों पहले छुट्टी पर घर आए थे। वह महाराष्ट्र के नागपुर एयरपोर्ट पर तैनात थे। जो सोमवार को गांव से परिजनों के साथ त्यूनी बाजार आ रहे थे। तभी यह हादसा हो गया।
हादसे के बाद से क्षेत्र में मातम छाया हुआ है। वहीं, हादसे के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। एसडीएम चकराता डॉ. अपूर्वा सिंह के मुताबिक घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई थीं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।