क्रिसमस के मौके पर शुक्रवार को नैनीताल शहर पर्यटकों से गुलजार रहा। सुबह से शाम तक पर्यटकों का आना-जाना लगा रहा। फिलहाल नए साल तक पर्यटकों की रौनक बनी रहने की उम्मीद है। पर्यटकों के पहुंचने से पर्यटन कारोबारियों के चेहरे भी खिल गए।
शुक्रवार को पूरे दिन तल्लीताल, माल रोड, पंत पार्क, भोटिया मार्केट आदि जगहों पर पर्यटकों का रेला नजर आया। नैनीताल पहुंचे पर्यटकों ने नैनी झील में नौका विहार का आनंद लिया। साथ ही स्नोव्यू में मौज-मस्ती के साथ हिमालय दर्शन भी किए। चिड़ियाघर में दिन भर में 1006 पर्यटक पहुंचे, जबकि केव गार्डन में 650, हिमालयन बॉटनिकल गार्डन में 130 और वाटरफॉल में 578 पर्यटकों ने मौज मस्ती की।
उधर, भीमताल, भवाली, सातताल, नौकुचियाताल, मुक्तेश्वर, रामगढ़ के पर्यटन स्थलों में सैलानियों की चहल-पहल देखने को मिली। कोरोना के चलते पिछले सालों की तरह सैलानी होटलों और रेस्टोरेंट में पार्टी करते नजर नहीं आए। सैलानियों ने भीमताल, नौकुचियाताल, सातताल में बोटिंग, पैराग्लाडिंग, हॉट बैलून का लुत्फ उठाया। साथ ही पहाड़ी व्यंजनों का स्वाद भी लिया। खुटानी के हॉट बैलून संचालक रमन सिंह बिष्ट ने बताया कि क्रिसमस पर सैलानियों ने हॉट बैलून का लुत्फ उठाया। पैराग्लाडिंग संचालक विनोद दुम्का ने बताया कि सैलानियों से पर्यटन स्थल गुलजार रहे। कैंची धाम मंदिर में भी लोग बाबा नीब करोरी के दर्शन के लिए पहुंचे। लेक इन होटल के मैनेजर जुबैर खान ने बताया कि क्रिसमस पर होटल के सभी कमरे पैक रहे।
क्रिसमस पर पर्यटकों की भीड़ उमड़ने से शहर के भीतर स्थित सभी पार्किंग स्थल पैक हो गए। प्रशासन ने बाहर से आने वाले वाहनों को अस्थायी पार्किंग स्थलों पर ही रोक दिया और वहां से सैलानियों के लिए शटल सेवा चलाई गई।
शुक्रवार देर शाम तक डीएसए पार्किंग, अशोक पार्किंग और मेट्रोपोल पार्किंग वाहनों से पैक हो चुकी थी। वाहनों की आवाजाही बढ़ने से नगर में दिनभर कई बार जाम की स्थिति पैदा हुई। नगर के पार्किंग स्थल पैक होने के कारण प्रशासन ने देर शाम रूसी बाईपास और नारायण नगर में ही पर्यटकों के चारपहिया वाहनों को खड़ा कराया।
सीओ विजय थापा ने बताया कि नारायण नगर और रूसी बाईपास से पर्यटकों को नैनीताल तक पहुंचाने के लिए शटल सेवा शुरू कर दी गई है। जिन होटलों में पार्किंग की व्यवस्था है, उनमें बुकिंग वाले पर्यटकों को वाहन के साथ जाने दिया जा रहा है।