मैं कई सालों से बैंक की चौकीदारी कर रहा हूं। बैंक अधिकारी, जनता सभी को हम पर भरोसा है। अब जब ‘चौकीदार ही चोर’ का जुमला सियासी पार्टियां उछालती हैं तो लगता है कि हमारा मजाक उड़ाया जा रहा है। हालांकि पीएम के चौकीदार बनने से हममें उत्साह भी है।
- प्रकाश जोशी (पप्पू) चौकीदार इंडियन ओवरसीज बैंक
मालिक हमारे भरोसे ही लाखों की संपत्ति छोड़ जाता है। किसी भी पेशे को गाली नहीं देनी चाहिए, यह बात राजनेताओं को भी समझनी चाहिए। हां, नेताओं और जनता के नाम के आगे चौकीदार लगने से हमारे पेशे का महत्व बढ़ गया है।
- मदन सिंह, चौकीदार होटल निकट गोमती पुल
कांग्रेस ने 'चौकीदार ही चोर' नारे को बुलंद किया तो पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर अपने नाम के आगे चौकीदार जोड़ दिया। पीएम के चौकीदार जोड़ते ही भाजपा के दिग्गज रवि शंकर प्रसाद, राजनाथ सिंह, नीतिन गडकरी, पीयूष गोयल, अरुण जेटली समेत उत्तराखंड में सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत, यशपाल आर्य ने भी नाम के आगे चौकीदार शब्द जोड़ लिया। अलग-अलग पेशे से जुड़े कई लोगों ने भी अपने नाम के आगे चौकीदार लिख लिया है।
सोशल मीडिया पर छिड़ी जंग
सोशल मीडिया फेसबुक, व्हाट्सएप पर चौकीदार को लेकर जंग छिड़ गई है। व्हाट्सएप पर 'हम भी हैं चौकीदार' नाम के ग्रुप बन गए हैं तो फेसबुक, इंस्टाग्राम, ट्वीटर पर लोगों ने अपने नाम के आगे चौकीदार जोड़ रखा है।