चीन के कस्टम विभाग ने भारत से निर्यात होने वाले गुड़ और मिश्री पर रोक लगा दी है। तकलाकोट मंडी ले जाने के लिए अनुमति नहीं मिलने से लगभग एक करोड़ का सामान रास्ते में पड़ा है। इससे भारतीय व्यापारी परेशान हैं। उन्होंने चीन के कस्टम अधिकारी को पत्र लिखकर सामान को मंडी तक ले जाने की अनुमति देने की मांग की है।
कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग के साथ लीपूलेख दर्रे से हर साल भारत-चीन व्यापार भी होता है। चीन की तकलाकोट मंडी में दोनों देशों के बीच चार माह तक व्यापार होता है। इसमें भारत की ओर से गुड़, मिश्री, रेडीमेड कपड़े और तंबाकू को निर्यात किया जाता है, जबकि वहां से ऊन और ऊनी कपड़ों का आयात होता है। तिब्बत में गुड़-मिश्री की सबसे अधिक मांग रहती है।