उत्तर भारत में पहली बार यहां चीन की फ्लाई कैचर बर्ड देखी गई है। पक्षी प्रेमियों ने जब यह चिड़िया देखी तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। रामनगर वन प्रभाग के पवलगढ़ कंजरवेशन रिजर्व में पूर्वी एशिया (चीन, ताइवान आदि देश) की खूबसूरत ब्ल्यू एंड व्हाइट फ्लाई कैचर बर्ड रिपोर्ट हुई है।
पक्षी प्रेमियों ने चिड़िया की फोटो खींचने के साथ वन विभाग को जानकारी दी है। पवलगढ़ कंजरवेशन रिजर्व जैव विविधता की दृष्टि से समृद्ध रहा है। यहां पर सैकड़ों अलग-अलग प्रजातियां की चिड़िया मिलती हैं।
अब इसी कंजरवेशन रिजर्व में वन्यजीव व पक्षी विशेषज्ञ राजेश पंवार और उनकी टीम को चीन की खूबसूरत ब्ल्यू एंड व्हाइट फ्लाई कैचर चिड़िया दिखी है। सुर्ख नीले और सफेद रंग की इस चिड़िया की फोटो राजेश के साथ मौजूद शशिधर ने खींची है।
राजेश पंवार का दावा है कि यह चिड़िया पहली बार उत्तर भारत में रिपोर्ट हुई है। वन विभाग का भी इस चिड़िया के मिलने से खुशी का ठिकाना नहीं रहा है। अपर प्रमुख वन संरक्षक वन्यजीव धनंजय मोहन के अनुसार यह चिड़िया उत्तर भारत में पहली बार रिपोर्ट हुई है। यह महत्वपूर्ण रिकार्ड हैं। इससे पहले देश में यह चिड़िया अंडमान, अरुणाचल और महाराष्ट्र में देखी गई थी।