देहरादून। कारगिल दिवस के 20 साल होने के उपलक्ष्य में शनिवार को सब-एरिया गढ़ी कैंट की ओर से रन फॉर फन का आयोजन किया गया। इसमें करीब 650 बच्चों, महिलाओं और पुरुषों ने भाग लिया। दौड़ में ब्वायज अंडर-16 में आरआईएमसी के तेजस भट्ट और गर्ल्स में केवी अपर कैंप वीरपुर की महिमा ने पहला स्थान हासिल किया।
गढ़ी स्थित जसवंत सिंह ग्राउंड में शनिवार को आयोजित इस रन फॉर फन का शुभारंभ ब्रिगेडियर रणजीत सिंह मनराल और ब्रिगेडियर विकास धींगरा ने किया। दौड़ को दो भागों तीन किलोमीटर और पांच किलोमीटर में बांटा गया था। दौड़ में करीब 650 पुरुषों, महिलाओं और बच्चों ने भाग लिया। दौड़ के अंत में विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। ब्वायज अंडर-16 में आरआईएमसी के तेजस प्रथम, केवी वीरपुर अपर के अरशद हुसैन द्वितीय और एपीएस वीरपुर के कार्तिक मेहरा तीसरे स्थान पर रहे। बालिक वर्ग में केवी अपर कैंप की महिमा प्रथम, इसी स्कूल की निशि द्वितीय और कैंब्रियन हॉल की दलामिनी रावत तीसरे स्थान पर रहीं।