ऋषिकेश हरिद्वार हाईवे से सटी पंतद्वीप पार्किंग में बुधवार सुबह झाड़ियों में नवजात का क्षत विक्षत शव मिला है। पुलिस का मानना है कि कुत्तों ने शव को नोंचा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह साफ हो सकेगी।
बुधवार सुबह करीब सात बजे पुलिस को सूचना दी गई कि पंतदीप पार्किंग के गेट नंबर दो के समीप झाड़ियों में नग्नवस्था में एक नवजात का शव पड़ा है।
कोतवाली प्रभारी प्रकाश चंद्र मठपाल घटनास्थल पर पहुंचे। भारी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए थे।
बालक या बालिका, नहीं चला पता
पुलिस की पड़ताल में सामने आया कि नवजात के पेट से नीचे का हिस्सा क्षत विक्षत था और शव खून से लथपथ था। पुलिस ने नवजात के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा।
कोतवाली प्रभारी पीसी मठपाल ने बताया कि संभवत कुत्तों ने शव को नोंचा है। शव एक दो दिन पूर्व जन्मे बच्चे का प्रतीत होता है।
पेट से नीचे के हिस्से के क्षत विक्षत होने के चलते ये भी साफ नहीं हो सका कि वो बालक या बालिका है।
मासूम की मौत से उठे कई सवाल
नवजात का क्षत विक्षत शव मिलने पर कई सवाल खडे़ हो गए है। पुलिस भी इन सवाल का जवाब ढूंढने का माथापच्ची में जुटी है। पर, ये समझ नहीं पा रही कि मासूम को आखिर कैसे किस हालत में फेंका है।
उसकी पहले ही मौत हो चुकी थी या फिर सामाजिक तिरस्कार के कारण उसे जिंदा ही उसे फेंका गया था और कुत्तों के नोंच डालने से उसकी मौत हुई। कोतवाली प्रभारी पीसी मठपाल के मुताबिक हर पहलू पर गंभीरता से जांच कर रहे हैं।
पहले भी मिली थी एक नवजात
आठ महीने पहले एक नवजात बच्ची इसी पार्किंग के पास रोड़ीबेलवाला क्षेत्र में पड़ी मिली थी। गनीमत रही थी कि एक दिल्ली निवासी साधु ने बच्ची को सुबह तड़के देख लिया था।
बाद में पुलिस ने महिला अस्पताल की नवजात शिशु परिचर्या में रखा और बाद में देहरादून एक संस्था को पालने को सौंप दिया गया था। लेकिन अभी तक इस बच्ची के माता पिता के बारे में कोई जानकारी नहीं हो सकी।