बद्नीनाथ धाम में सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने रविवार को बदरीनाथ धाम में मत्था टेका। उन्होंने बदरीनाथ की पूजा में शामिल होकर देश और राज्य की खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने बीकेटीसी के अधिकारियों से तीर्थयात्रा की जानकारी भी ली।
मुख्यमंत्री रविवार को सुबह आठ बजे भाजपा जिलाध्यक्ष मोहन प्रसाद थपलियाल के साथ हेलीकॉप्टर से बदरीनाथ धाम पहुंचे। बदरीनाथ धाम में आधा घंटे तक पूजा करने के बाद उन्होंने बदरीनाथ के रावल (मुख्य पुजारी) ईश्वरी प्रसाद नंबूदरी से भेंट की। बीकेटीसी के सीईओ बीडी सिंह, धर्माधिकारी भुवन चंद्र उनियाल सहित अन्य अधिकारियों ने मुख्यमंत्री का फूल-मालाओं से स्वागत किया और उन्हें बदरीनाथ के अंग वस्त्र व चंदन भेंट किया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से धाम में पहुंचने वाले तीर्थयात्रियों की जानकारी भी ली। संत समाज ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का फूल-मालाओं से स्वागत किया। संत समाज के महासचिव महात्मा विनोद ने सीएम को धार्मिक पुस्तकें भी भेंट की।
उन्होंने सीएम को धाम के कपाट बंद होने के मौके पर बदरीनाथ के दर्शनों को आने का न्योता दिया। धाम में डेढ़ घंटे तक रहने के बाद सीएम देहरादून रवाना हो गए। इस दौरान सांसद प्रतिनिधि रघुवीर बिष्ट, भाजपा जिला महामंत्री गजेंद्र रावत, पंकज डिमरी, राकेश डिमरी और रमेश मैखुरी आदि मौजूद थे।