मुख्य न्यायाधीश रमेश रंगनाथन का पांव अचानक फिसल गया
- फोटो : अमर उजाला
तीर्थनगरी के संगम स्थल पर गंगा पूजन के लिए पहुंचे उत्तराखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश का पैर अचानक फिसल गया। साथ में चल रहे सीओ ने उन्हें तुरंत पकड़ लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
शनिवार को मुख्य न्यायाधीश आर रंगनाथन अपनी पत्नी के साथ देवप्रयाग तीर्थ दर्शन को पहुंचे थे। दक्षिण भारत में भगवान रघुनाथ की विशेष महत्ता के चलते उन्होंने श्रीरघुनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करते हुए मुख्य पुजारी सोमनाथ भट्ट से आदिगुरु शंकराचार्य और मंदिर के बारे में जानकारी ली। उसके बाद उन्होंने संगम स्थल पर गंगा पूजन दर्शन की इच्छा जताई।
संगम स्थल पर पूजा के लिए वह गंगा नदी की ओर बढ़े, तो अचानक उनका पैर फिसल गया। तभी साथ चल रहे सीओ नरेंद्रनगर प्रमोद शाह ने उन्हें आगे बढ़कर पकड़ लिया, जिससे वे गंगा की तेज धारा की चपेट में आने से बच गए और बड़ा हादसा टल गया। इस पर साथ चल रहे प्रशासन और पुलिस ने राहत की सांस ली। पूजा-अर्चना के बाद वे अपने गंतव्य को लौट गए हैं।
पुजारी ने बताया कि दक्षिण भारत में देवप्रयाग को कंडवेंनुकडीनगरम के नाम से जाता है, जबकि भगवान रघुनाथ को नीलमपेरूमल पुण्डरीक वल्ली के रूप में पूजा जाता है। इसी मान्यता के आधार पर दक्षिण भारत निवासी मुख्य न्यायाधीश आर रंगनाथन पत्नी संग यहां पूजा अर्चना को पहुंचे थे। यहां पुरोहित विपुल सवासेरिया ने उनसे पूजा संपन्न करवाई।