I
Iकनाडा में नौकरी दिलाने के नाम पर वसंत विहार के रहने वाले सुधीर गौड़ से पांच लाख रुपये ठग लिए गए। गौड़ की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोप है कि रुपये लेकर न कनाडा बुलाया और न ही अब फोन उठा रहा है। मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।I
Iइंस्पेक्टर वसंत विहार प्रदीप रावत ने बताया कि सुधीर गौड़ ने होटल मैनेजमेंट का कोर्स किया था। वह वर्ष 2023 में नौकरी ढूंढ रहे थे। इस दौरान उनके दोस्त मनीष सकलानी ने गौड़ को किसी अनुसूईया प्रसाद उनियाल के बारे में बताया। बताया कि अनुसूईया के कनाडा में जलीज अफेयर नाम से कई रेस्टोरेंट हैं। वह इस वक्त कर्मचारियों की तलाश कर रहा है। मनीष सकलानी ने अनुसूईया उनियाल से बात कराई। अनुसूईया उनियाल ने गौड़ को बताया कि कनाडा आने के लिए उन्हें 15 लाख रुपये का इंतजाम करना होगा। इनमें से पांच लाख रुपये दस्तावेज के साथ और बाकी काम होने के बाद देने होंगे।I
Iइस पर सुधीर गौड़ तैयार हो गए और उन्होंने उनियाल की पत्नी के खाते में तीन लाख रुपये जमा करा दिए। इसके अलावा दो लाख रुपये नकद दिए। सुधीर गौड़ का कहना है कि अनुसूईया अब उनका फोन भी नहीं उठा रहा है। जबकि, उसे ई-मेल के माध्यम से दस्तावेज भी भेजे जा चुके हैं। बावजूद इसके कोई ई-मेल भी उन्हें नहीं आया है। कुछ दिन पहले उसने फोन भी स्विच ऑफ कर लिया। पत्नी से संपर्क किया तो वह भी कोई वाजिब जवाब नहीं दे रही है। इंस्पेक्टर रावत ने बताया कि मामले में अनुसूईया उनियाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।I