महंगाई की मार से आम आदमी को राहत देने के नाम पर मंडी में शुक्रवार को केवल ड्रामा होता रहा।
10 काउंटरों की जगह केवल तीन ढेरियां
जैसा दावा था, वैसा हो नहीं सका। सस्ते-आलू प्याज के रिटेल काउंटर सुबह 7 बजे से नहीं खुले। माल से लदी गाड़ी सुबह करीब 8 बजे पहुंची। 10 काउंटरों की जगह केवल तीन ढेरियां लगाई जा सकीं।
मंडी परिसर के प्रवेश द्वार पर ही तीन ढेरियों को लगाने से पहले पीआरडी कर्मी को यहां खड़ी ठेलियों को बाहर खदेड़ना पड़ा। दीवार के साथ पड़े कूड़े के समीप आलू-प्याज की ढेरी लगा दी गई।
तीन छोटे बोर्ड पर आलू-प्याज के रेट चस्पा देख ग्राहक रुकने लगे। लेकिन देरी की वजह से आगे चले गए।
तय समय से पहले बंद
दोपहर 12 बजे से पहले ही सस्ते दर पर आलू-प्याज बेच रहे लोगों ने अपनी दुकान समेट ली।
इस बीच सीडीओ आलोक पांडे समेत प्रशासन, खाद्य एवं आपूर्ति और मंडी समिति के अधिकारियों की टीम ने इन ढेरियों का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राहकों से भी आलू-प्याज के रेट दरियाफ्त किए।
किसी को पता नहीं कितने काउंटर
लोगों की दिक्कत दूर करने के लिए काउंटर लगाने के दावे तो किए गए, लेकिन किसी भी अधिकारी को यह नहीं पता था कि कितने काउंटर लगे हैं।
मंडी सचिव विजय थपलियाल ने छह काउंटर लगने की बात कही तो मंडी निरीक्षक ने पांच काउंटर खुलने का दावा किया। मंडी में मौजूद समिति के जनार्दन ने चार काउंटर की बात कही तो अमर उजाला ने मौके पर तीन ही बेचने वाले पाए।
काउंटर खुले नहीं, फ्लैक्सी-बैनर टांग दिए
नवीन मंडी परिसर में सी टाइप की दुकानों के आगे ‘सस्ते आलू-प्याज के रिटेल काउंटर’ लिखे फ्लैक्सी और बैनर तो टांग दिए गए, लेकिन यहां से बिक्री शुरू नहीं की जा सकी।
मंडी समिति पदाधिकारी ने शनिवार से काउंटर शुरू करने का दावा करते रहे।
280 किलो प्याज, 350 किलो आलू बिका
लोगों की सुविधा के लिए लगाई गई ढेरियों के मार्फत शुक्रवार को आलू-प्याज के कुल सात-सात कट्टे बिके। यानी कुल 280 किलो प्याज, 350 किलो आलू लोगों ने खरीदा।
एक कट्टे में 40 किलो प्याज, जबकि 50 किलो आलू आता है। तकरीबन 150 लोग यहां खरीदारी को जुटे।
यहां इन दामों पर मिल रहे आलू-प्याज
आलू- 18 रुपए से लेकर 20 रुपए तक
(इस कीमत में देसी-पहाड़ी दोनों आलू मिल रहा)
प्याज-18 रुपए, 23 रुपए, 25 रुपए
(राजस्थान, मध्य प्रदेश का प्याज सबसे कम कीमत का है। 23 रुपए में मध्यम आकार का प्याज मिल रहा, जबकि 25 रुपए में नासिक का प्याज ग्राहकों को उपलब्ध है)
मंडी में कुछ यूं रही शुक्रवार को आवक और थोक दाम
सब्जी - आवक (क्विंटल) - कीमत (रुपए में) प्रति किलो
आलू - 698 - 1400-2000
प्याज - 245 - 1800-2500
करेला - 111 - 600-1200
कटहल - 285 - 600-1800
मिर्च - 76 - 1500-2000
आज अपणु बाजार से होगी राहत
अपणु बाजार से सहस्त्रधारा रोड और ननूरखेड़ा आदि क्षेत्रों के निवासियों को राहत मिल सकती है। शनिवार को यह बाजार ननूरखेड़ा में सुबह से शाम तक लगेगा।
अपणु बाजार ओपन है, लिहाजा यहां उत्पाद लेकर पहुंचने वाले किसानों को उसकी कीमत तय करने की आजादी होती है। साथ ही ग्राहकों को नजदीकी क्षेत्र में सब्जी मिलने की सुविधा है।
फिलहाल इसे ननूरखेड़ा, लालतप्पड़ और डांडा लखौंड में लगाया जा रहा है। दून जिले में कुल नौ अपणु बाजार चलाए जाने हैं, जिनमें से अभी तक तीन शुरू हो पाए हैं।
सुबह 9.30 बजे से शाम 6.30 तक जाएं
अगर आप भी आपणु बाजार से सामान लाना चाहते हैं या यहां अपने उत्पाद को बाजार मुहैया कराना चाहते हैं तो सुबह 9.30 बजे से शाम 6.30 बजे तक जा सकते हैं।
अगर कोई इस संबंध में जानकारी चाहता है तो मंडी निरीक्षक अजय डबराल से इस नंबर पर संपर्क कर सकता है।
- 9412382790
संडे को मंडी में सस्ते काउंटर खुलेंगे
मंडी बेशक रविवार को बंद रहे लेकिन आलू-प्याज के सस्ते काउंटर खुले रहेंगे। सब्जी के दामों में गिरावट आने तक यह काउंटर खोले जाएंगे।
कृषि उत्पादन मंडी सचिव विजय थपलियाल के मुताबिक कई नए व्यापारियों से बात हुई है, जो आलू-प्याज के रिटेल काउंटर खोलने को तैयार हैं।