पछवादून के पहले अंतरराज्यीय बस अड्डा हरबर्टपुर से चारधाम यात्रा के लिए बसों के संचालन की तैयार शुरू कर दी गई है। रोडवेज और परिवहन विभाग की टीम बस अड्डे में व्यवस्था को सुनिश्चित कर रही है। एआरटीओ प्रशासन मनीष तिवारी, एआरटीओ प्रवर्तन रावत सिंह, क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज संजय गुप्ता, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक पर्वतीय डिपो अंजिलिका शर्मा ने शुक्रवार को बस अड्डे का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बस अड्डा में पेयजल, बिजली, यात्रियों के बैठने की सुविधा, पंखे, टिकट काउंटर, सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं को देखा। संबंधित को सुधार के निर्देश दिए दिए।
एआरटीओ प्रशासन मनीष तिवारी ने बताया कि चारधाम यात्रियों के पंजीकरण की व्यवस्था पर्यटन विभाग की ओर से की जाएगी। वाहनों की फिटनेस और ग्रीन कार्ड जारी करने काम ढालीपुर स्थित एआरटीओ कार्यालय से ही किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुविधा और हरबर्टपुर चौक पर जाम की समस्या को दूर करने के लिए अभी देहरादून से चंडीगढ़ और विकासनगर आवागमन करने वाली रोडवेज नियमित बसों को बस अड्डा से इन आउट करने के लिए कहा गया है। कुछ बसों ने बस अड्डा से इन और आउट करना शुरू भी कर दिया है। एआरटीओ प्रशासन ने बताया कि डाकपत्थर और सहारनपुर यूनियन को भी अपनी बसों को बस अड्डे से इन और आउट करवाने के निर्देश दिए गए हैं। बताया कि जल्द ही व्यवस्था तैयार कर ली जाएगी। विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि संबंधित विभागों के अधिकारी हरबर्टपुर अंतराज्यीय बस अड्डा से चारधाम यात्रा बसों के संचालन के लिए व्यवस्था तैयार कर रहे हैं। चारधाम यात्रियों की सुविधा के लिए बस अड्डा पर सभी जरूरी इंतजाम किए जाएंगे। रोडवेज बसों के भी बस अड्डा से इन और आउट करने से स्थानीय लोगों और यात्रियों को सुविधा मिल रही है।