वर्ष-2013 में जल प्रलय के बाद बुरी तरह प्रभावित हुई उत्तराखंड की चारधाम यात्रा पटरी पर आने लगी है। साल दर साल चारधाम में यात्रियों की आमद बढ़ रही है। बीते साल के मुकाबले इस साल यात्रा में रिकॉर्ड श्रद्धालुओं के आने के संकेत मिलने लगे हैं। इस वर्ष के लिए अब तक संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति को चारधाम यात्रा के लिए 88 वाहनों की एडवांस बुकिंग मिल चुकी है।
चारधाम यात्रा शुरू होने में अभी लगभग एक पखवाड़ा शेष है। मगर देव धामों के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की संयुक्त यात्रा व्यवस्था समिति को अभी से अप्रत्याशितरूप से अग्रिम बुकिंग मिलने लगी है। संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति कार्यालय में इस साल चारधाम दर्शन के लिए अब तक 88 वाहनों की अग्रिम बुकिंग की जा चुकी है। इनमें सबसे ज्यादा बुकिंग बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के लिए मिली है। बीते साल इस समय तक बुकिंग का आंकड़ा इसके लगभग आधा था।
संयुक्त रोटेशन के अध्यक्ष सुधीर राय ने उम्मीद जताई कि इस साल चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या में भारी वृद्धिहो सकती है। बताया कि इस हफ्ते दो सौ से ज्यादा वाहनों की एडवांस बुकिंग आने की संभावना है।
कहां के लिए कितनी एडवांस बुकिंग
बदरीनाथ - 3 वाहन
केदारनाथ, बदरीनाथ - 5 वाहन
केदारनाथ, बदरीनाथ, यमुनोत्री - 5 वाहन
केदारनाथ, बदरीनाथ, यमुनोत्री, गंगोत्री - 75 वाहन
100 वाहनों की सेवा बाहर से ली जाएगी
पिछले वर्ष चारधाम जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा होने से यात्रा के पीक पर वाहनों का टोटा हो गया था। जिसके कारण कई श्रद्धालुओं को तीन दिन से अधिक वक्त चारधाम बस अड्डा और स्थानीय धर्मशालाओं में रुकना पड़ा था। रोटेशन अध्यक्ष सुधीर राय ने बताया कि इस बार यात्रियों को कोई परेशानी न हो इसके लिए कुमाऊं मंडल के अलावा सीटी बसों को चारधाम यात्रा में शामिल किया जाएगा।
सीएम रावत करेंगे यात्रा का श्रीगणेश
अक्षय तृतीया पर्व पर इस साल की चारधाम यात्रा का मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत विधिवत श्रीगणेश करेंगे। संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति के अनुसार कार्यक्रम में सीएम के अलावा विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल और दो अन्य कैबिनेट मंत्री यात्रा के शुभारंभ कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।