बदरीनाथ, केदारनाथ और गंगोत्री में काम करने वाले पर्यावरणमित्रों को अतिरिक्त गर्म वर्दी मिलेगी। शहरी विकास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने चारधाम यात्रा मार्ग पर पड़ने वाले सभी 29 नगर निकायों की समीक्षा बैठक में ये निर्देश दिए। इस दौरान नगर निकायों के अधिकारी वर्चुअल रूप से जुड़े रहे।
शुक्रवार को कैबिनेट मंत्री अग्रवाल ने शहरी विकास निदेशालय में समीक्षा बैठक की। बताया, गंगोत्री, बदरीनाथ और केदारनाथ में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के क्रम में क्यूआर कोड के जरिए खाली प्लास्टिक की बोतल ली जा रही है। इसके बदले में 10 रुपये उन्हें दिया जा रहा है। अग्रवाल ने अन्य निकायों को इस तरह के अभिनव प्रयोग करने के लिए कहा।
कहा, अभिनव प्रयोग करने वाले निकायों को निदेशालय की ओर से पुरस्कृत भी किया जाएगा। उन्होंने समीक्षा बैठक में निर्देश दिए कि गंगोत्री, बदरीनाथ और केदारनाथ धाम पर तैनात पर्यावरणमित्रों को अतिरिक्त गर्म वर्दी दी जाए। बैठक में गंगोत्री नगर निकाय ने श्रद्धालुओं के स्नान के बाद छोड़े गए कपड़ों से दरी आदि बनाने की जानकारी दी।
तीन चरणों में सफाई व्यवस्था सुनिश्चित
नगर निगम ऋषिकेश व हरिद्वार में अपशिष्ट पूजन सामग्री से अगरबत्ती व धूपबत्ती बनाने के कार्य को भी सराहा गया। अग्रवाल ने सभी निकायों को निर्देश दिए कि वह स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को अपने उत्पादों के स्टॉल लगाने का अवसर दें, जिससे उनकी आजीविका में वृद्धि होगी। उन्होंने सभी निकायों को तीन चरणों में सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा।
Chardham Yatra 2024: रील पर रोक...आस्था, परंपरा और रीति रिवाजों को चोट न पहुंचाने की अपील
कहा, सभी निकायों में पथ प्रकाश, रैन बसेरा, भोजन आदि की व्यवस्था पर्याप्त है। इसके अलावा निकायों को तैयारी पूर्ण रखने के लिए कहा गया है। सभी निकायों के अफसरोंं को 24 घंटे अपने फोन ऑन रखने के लिए भी कहा।