यात्रा के लिए 1600 बसें चिन्हित, 300 की अतिरिक्त व्यवस्था
बैठक में सचिव परिवहन अरविंद सिंह ह्यांकी ने बताया, यात्रा के दौरान लगभग 1600 बसों को चिन्हित किया गया है, इसके अलावा 300 अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की जा रही है। यात्रा मार्ग पर चलने वाले सभी वाहनों को फिटनेस ग्रीन कार्ड जारी किए जा रहे हैं।
हेल्थ एटीएम से मिलेगी 72 तरह की जांच की सुविधा
सचिव स्वास्थ्य डॉ. आर राजेश कुमार ने बताया, यात्रा मार्गों में हेल्थ एटीएम स्थापित किए जा रहे हैं, जिनमें 72 तरह की जांच सुविधा उपलब्ध रहेंगी। स्थानीय स्तर पर लोगों को स्वास्थ्य मित्र का भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जो होटल आदि में ठहरने वाले यात्रियों को किसी प्रकार की इमरजेंसी होने पर सहायता करेंगे।
चारधाम यात्रा के लिए ली जा रही नौ ऑपरेटर्स की हेली सेवाएं
अपर सचिव नागरिक उड्डयन विभाग सी.रविशंकर ने बताया कि चारधाम यात्रा के लिए नौ ऑपरेटर्स की हेली सेवाएं ली जा रही हैं, जिनकी दरें निश्चित कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि आईआरसीटी के माध्यम से भी हेली सेवाओं की ऑनलाइन बुकिंग की जा रही है। हेली बुकिंग से संबंधित शिकायत निवारण प्रक्रिया के लिए नोडल अधिकारी की तैनाती की जा रही है।
कतार प्रबंधन के लिए टोकन व्यवस्था की होगी शुरूआत
अपर सचिव पर्यटन पूजा गर्ब्याल ने बताया, इस वर्ष फरवरी से ही ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिया गया है। धामों में दर्शन के लिए टोकन व्यवस्था की शुरूआत की जाएगी, जिससे दर्शन के दौरान अनावश्यक भीड़ से बचा जा सकेगा।
टीआरएच में आने वाले यात्रियों को मिलेंगे स्थानीय उत्पाद
जीएमवीएन के प्रबंध निदेशक विनोद गिरी गोस्वामी ने बताया, जीएमवीएन की ओर से अस्थायी टेंट कॉलोनियों का निर्माण किया जा रहा है। यात्रा में आने वाले पर्यटकों के लिए 14 टूर पैकेज बनाए गए हैं। वर्षभर चलने वाले टीआरएच में आने वाले यात्रियों को उपहार स्वरूप स्थानीय उत्पाद दिए जाएंगे। जिससे यात्री यहां से अच्छी यादें लेकर जाएं।