चमोली में रात भर हुई तेज बारिश के चलते बदरीनाथ हाईवे पर जगह-जगह मलबा आ गया है। जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग बंद पड़ा है। मार्ग बंद होने से दोनों और सैकड़ों वाहनों की लंबी लाइन लग गई है।
वहीं राजधानी देहरादून में भी सोमवार तड़के से बारिश का दौर जारी है। जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। रुद्रप्रयाग जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग खुला है। जिले में आसमान में बादल छाए हुए हैं। तेज बारिश के आसार जताए जा रहे हैं। देर रात से लगातार हो रही बारिश से बदरीनाथ हाईवे कई जगह बंद पड़ा ह़आ है।
बीआरओ मार्ग खोलने में जुटा हुआ है, लेकिन बारिश इस कार्य में बाधा बन रही है। बारिश की वजह से बदरीनाथ हाईवे कुडियाला और लामबगड़ में बंद पड़ा है। बीआरओ और हाईवे के कर्मियों की टीम मशीनों के साथ मार्ग खोलने में लगी हुई हैं।
चमोली-कुंड मोटर मार्ग चाडा नामक तोक पर खतरनाक बना हुआ है। सोमवार की सुबह यहां पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा टूटकर मार्ग पर आ गया, जिससे तीन घंटे तक मोटर मार्ग बंद रहा। लोनिवि ने सुबह आठ बजे हाईवे सुचारू किया। अभी भी पहाड़ी से मलबे के गिरने खतरा बना हुआ है।