चारधाम यात्रा : ट्रांजिट कैंप में भारी भीड़, सभी काउंटर फुल
शुक्रवार को चारधाम यात्रा ट्रांजिट कैंप में तीर्थयात्रियों की भीड़ आने से पंजीकरण काउंटर, जर्मन हैंगर, पगोडा टेंट और पार्किंग परिसर फुल रहा। तीर्थयात्रियों की भीड़ इतनी थी कि सुबह से शाम तक ट्रांजिट कैंप में पंजीकरण के 24 काउंटरों पर भीड़ लगती रही। आईएसबीटी स्थित छह काउंटरों पर भी पंजीकरण कराने के लिए तीर्थयात्रियों की भीड़ लगी रही। सुबह सात बजे से ही चारधाम यात्रा ट्रांजिट कैंप परिसर में तीर्थयात्रियों की भीड़ लगनी शुरू हो गई। दोपहर होते ही पूरा ट्रांजिट कैंप परिसर तीर्थयात्रियों से भर गया। कई तीर्थयात्री पंजीकरण कराकर ट्रांजिट कैंप में ही आराम करने लगे। इससे तीर्थयात्रियों की भीड़ बढ़ गई। पंजीकरण काउंटरों पर भी सुबह से शाम तक लंबी-लंबी लाइनें लगती रही। ट्रांजिट परिसर में तीर्थयात्रियों के लिए लगाए गए जर्मन हैंगर और पगोडा टेंट फुल भरे रहे। पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले से आए प्रभात से बताया कि हम करीब 100 तीर्थयात्रियों के दल के साथ आए हैं। पंजीकरण के लिए लाइन में लगे हैं।
ये भी पढे़ं...Mussoorie: पर्यटकों को जाम से राहत देने के लिए शटल सेवा शुरू, लाइब्रेरी चौक-पिक्चर पैलेस तक पहुंचाईं सवारियां
कैंप में तीर्थयात्रियों की भीड़ दिन प्रतिदिन बढ़ रही है। तीर्थयात्रियों के लिए सभी व्यवस्था जुटाई गई हैं। निशुल्क भोजन, शुद्ध शीतल पेयजल आदि की व्यवस्था की गई है। आने वाले दिनों में भीड़ बढ़ने पर प्रशासन पूरी व्यवस्था संभालने के लिए तैयार है। - डॉ.पीपी नौटियाल, विशेष कार्याधिकारी, चारधाम यात्रा प्रशासन ऋषिकेश