गत वर्ष केदारनाथ में आई आपदा में बड़ी संख्या में यात्रियों के लापता होने की घटना से सबक लेते हुए इस बार पर्यटन विभाग हर यात्री का पूरा ब्योरा अपने पास दर्ज रखेगा।
चारधाम यात्रियों का बायोमीट्रिक रजिस्ट्रेशन
यात्रा मार्ग पर कौन सा यात्री कब, कहां है इसकी पूरी जानकारी भी विभाग के पास होगी। इसके लिए चारधाम यात्रियों का बायोमीट्रिक रजिस्ट्रेशन सोमवार से ऋषिकेश में किया जाएगा।
विभागीय टीम वहां पहुंच गई है। पर्यटन विभाग ने एक निजी कंपनी के साथ मिलकर चार धाम यात्रियों के बायोमीट्रिक रजिस्ट्रेशन शुरू किया है। यात्रा बस अड्डा ऋषिकेश में रविवार (आज) को प्रक्रिया का डेमो दिया जाएगा।
सोमवार से यहां हर यात्री की तस्वीर खींचने के बाद रजिस्ट्रेशन में नाम, पता, किन धामों और स्थानों पर जाना है, वाहन का नंबर, प्रकार, कितने लोगों का ग्रुप है आदि जानकारी दर्ज की जाएगी।
धाम में मशीन पर पंच करना होगा कार्ड
हर यात्री को डेबिट कार्ड की तरह एक एक्सेस कार्ड दिया जाएगा। विभाग चारों धामों में इलेक्ट्रानिक पंचिंग मशीनें लगा चुका है। यात्रियों को हर धाम में मशीन पर अपना कार्ड पंच करना होगा।
पंचिंग होते ही विभाग के कंट्रोल रूम में यात्री की मौजूदगी की जानकारी आ जाएगी। क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी वाईके गंगवार ने बताया कि तैयारी पूरी कर ली गई है।
अब सिर्फ करंट बुकिंग का भरोसा
चारधाम यात्रा को चंद दिन बचे हैं, लेकिन गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) यात्रियों की आमद के लिए तरस रहा है। जीएमवीएन को यात्रा के पैकेज टूर बहुत कम मिल रहे हैं।
पर्यटन विभाग यात्रियों को बुलाने के लिए दिल्ली, मुंबई जैसे शहरों में मीडिया कन्वेंसिंग कर रहा है। जीएमवीएन को अब यात्रा के दौरान होने वाली बुकिंग पर ही भरोसा है।