कालसी में कोथी बौंदी के पास बैराटखाई मोटर मार्ग पर भारी मात्रा में मलबा आने से सोमवार को भी आवाजाही ठप रही। मलबा नहीं हटने से 40 से अधिक गांवों का संपर्क ब्लॉक मुख्यालय से कट हुआ है। इसके चलते क्षेत्र के लोगों को कालसी पहुंचने के लिए वाया साहिया सफर करना पड़ रहा है।
बता दें, दो दिन पहले क्षेत्र में हुई झमाझम बारिश के दौरान बैराटखाई मोटर मार्ग पर कोथी बौंदी के पास भारी मात्रा में मलबा आने से सड़क किनारे बनी क्रश वॉल धराशायी हो गई थी। इसके चलते इस मोटर मार्ग से जुड़े कोथी बौंदी, खतार, खंडी, बेसोगीलानी, बिजऊ, थैना, बैराटखाई, नागथात, दुईना, मुंशी समेत 40 से अधिक गांवों की आबादी मुख्यालय से कटी हुई है। सोमवार को भी मलबा की समस्या से निजात नहीं मिली है। हालांकि मार्ग खोलने के लिए दो जेसीबी, दो ट्रैक्टर-ट्राली और छह मजदूरों की टीम दिनभर जुटी रहीं।
ऐसे में इन क्षेत्रों के लोगों को कालसी पहुंचने के लिए वाया साहिया समेत अन्य खतरनाक रास्तों से सफर करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार बैराटखाई मोटर मार्ग पर लगातार पहाड़ी के दरकने का सिलसिला जारी है। काश्तकार शशिपाल तोमर, मोहर सिंह तोमर, इंदर सिंह नेगी, कृपाल सिंह, सरदार सिंह, चमन सिंह, गजेंद्र तोमर, नारायण सिंह का कहना है कि फसल बेचने के लिए वाया साहिया होकर बाजार चाने में दोगुना किराया चुकाना पड़ रहा है। इससे फसलों का वाजिब दाम नहीं मिल पा रहा है। इन दिनों क्षेत्र में टमाटर, अदरक, मूली, हरी मिर्च की बंपर पैदावार हो रही है, लेकिन सड़क बंद होने से फसल मंडी तक पहुंचाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।
अगस्त में हुई झमाझम बारिश ने पिछले तीन वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। चंपावत, बागेश्वर और नैनीताल में मूसलाधार बारिश हुई है, जबकि पिथौरागढ़, अल्मोड़ा और ऊधमसिंह नगर में सामान्य से कम बदरा बरसे हैं।
वर्ष 2015 में बदरा कम बरसे थे। सामान्य से कम ही बारिश सभी छह जिलों में हुई थी, जबकि इस बार मानसून सामान्य रहने के कारण बदरा झमकर बरस रहे हैं। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्र्रम सिंह का कहना है कि कुमाऊं में अभी और अच्छी बारिश होगी।
अगस्त में हुई बारिश का वर्षवार विवरण
जिला वर्ष 15 वर्ष 16 वर्ष 17 वर्ष 18 (27 अगस्त तक)
पिथौरागढ़ (सामान्य बारिश 539) 266 326 532 459.6
अल्मोड़ा (सामान्य बारिश 277) 177 232 197 229.7
बागेश्वर (सामान्य बारिश 277) 218 262 298 545.7
ऊधमसिंह नगर (सामान्य बारिश 366) 248 117 302 290.6
नैनीताल (सामान्य बारिश 458) 388 420 507 524.9
चंपावत (सामान्य बारिश 406) 349 225 412 528.5