चारधाम देवस्थानम बोर्ड में जून में सरकार ने आठ नए सदस्य शामिल किए थे। इनमें तीन उद्योगपति सदस्य भी थे, जिस पर समाज के लोग विरोध कर रहे थे। दरअसल, जो आठ सदस्य बोर्ड में शामिल किए गए थे, उनमें मुकेश अंबानी के पुत्र अनंत अंबानी, जिंदल ग्रुप के सज्जन जिंदल, दिल्ली के महेंद्र शर्मा के नाम शामिल हैं। इसके अलावा आशुतोष डिमरी, श्रीनिवास पोश्ती, कृपाराम सेमवाल, जय प्रकाश उनियाल और गोविंद सिंह पंवार को तीर्थ पुरोहित समाज की ओर से सदस्य के तौर पर शामिल किया गया था।
त्रिवेंद्र बोले-मैं तो हंस भी नहीं सकता
मंगलवार को देवस्थानम बोर्ड पर भाजपा सरकार के रोलबैक के बाद जब त्रिवेंद्र रावत से संपर्क करने की कोशिश की गई तो वह मीडिया से बचते नजर आए। एक कार्यक्रम के दौरान उन्हें मीडिया कर्मियों ने घेर लिया। जब उनसे पूछना चाहा तो वह खुद बोलने लगे, मुझे पता है आप लोग क्या पूछेंगे, मैं तो आपके सामने हंस भी नहीं सकता। इतना कहकर वह आगे बढ़ गए। फिर गाड़ी में मीडिया कर्मियों ने जब दोबारा बातचीत की कोशिश की तो उन्होंने मास्क हटाकर थोड़ा हंस लूं बोला और कोई जवाब दिए बिना आगे बढ़ गए।