देहरादून। भाजपा महानगर के श्रीदेव सुमन नगर मंडल का दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत और मसूरी विधायक गणेश जोशी ने किया। राजपुर रोड स्थित जीआरडी एकेडमी में आयोजित प्रशिक्षण वर्ग के प्रथम सत्र में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने कहा कि भाजपा की विचारधारा, रीति-नीति एवं कार्यपद्धति से मंडल स्तर के कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है। भारत की राजनीति में बदलाव कार्यकर्ताओं की बदौलत ही आया है।
मसूरी विधायक गणेश जोशी ने कहा कि प्रशिक्षण की अनिवार्यता इसलिए भी बढ़ जाती है क्योंकि प्रशिक्षण से ही हमारा व्यक्तित्व विकास और कार्यपद्धति की बोध बढ़ता है। प्रशिक्षण वर्ग में दूसरे सत्र में सुरक्षा सामर्थ्य के साथ आत्मनिर्भर भारत का संकल्प विषय पर मुनेंद्र शर्मा, तीसरे सत्र में हमारा विचार परिचार, कार्यपद्धति एवं संगठन संरचना में हमारी भूमिका विषय पर श्रीकांत और चतुर्थ सत्र में पिछले छह वर्षों में हुए अंत्योदयी प्रत्यन विषय पर डॉ. उदय सिंह पुंडीर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष सीताराम भट्ट, मंडल अध्यक्ष पूनम नौटियाल, महामंत्री सुरेन्द्र राणा, महामंत्री राकेश जोशी सहित मंडल कार्यसमिति एवं पार्षद उपस्थित रहे।