हमारे रोजगार के लिए क्या व्यवस्था कर रही सरकार?
ओपी कंडारी ने पूछा कि जब हम अग्निवीर के रूप में अपनी सेवा पूरी कर वापस आएंगे, उसके बाद सरकार हमारे रोजगार के लिए क्या व्यवस्था कर रही है? मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने वर्दीधारी पदों पर अग्निवीरों के लिए 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण की व्यवस्था की है। इसके अतिरिक्त केंद्र सरकार द्वारा भी अनेक क्षेत्रों में अग्निवीरों को अवसर प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हर अग्निवीर के भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।
आपकी पहचान धाकड़ धामी के रूप में क्यों बनी?
रितेश पंवार ने पूछा कि आपकी पहचान धाकड़ धामी के रूप में क्यों बनी? मुख्यमंत्री ने कहा कि एक जनप्रतिनिधि का व्यवहार जनता के साथ सदैव सौम्य होना चाहिए। हालांकि राज्यहित और जनहित में कई बार कठोर और साहसिक निर्णय लेने पड़ते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला पहला राज्य है। सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है और दंगा रोधी कानून भी लागू किया गया है। पिछले चार वर्षों में राज्य सरकार ने कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं।
आप अपने परिवार को कैसे समय दे पाते हैं?
हिमांशु रौतेला ने पूछा कि आप परिवार को कैसे समय दे पाते हैं? मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनीतिक और सामाजिक जीवन में जिम्मेदारियां बहुत बढ़ जाती हैं। प्रदेश के मुख्य सेवक के रूप में प्रदेश के सभी लोग उनका परिवार हैं और सभी गांव उनके अपने गांव हैं। अमन सेमवाल ने पूछा कि आपके चेहरे पर हमेशा मुस्कान का क्या राज है? मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें कार्य करने की ऊर्जा और प्रेरणा जनता के आशीर्वाद से मिलती है। आज अनेक क्षेत्रों में उत्तराखंड अग्रणी स्थान पर है।