थराली आपदा के दौरान जिलाधिकारी चमोली के तत्काल मौके पर पहुंचने, प्रभावितों को तत्परता से राहत पहुंचाने एवं बेहतरीन प्रबंधन के लिए मुख्यमंत्री ने कहा, अन्य आपदा ग्रस्त क्षेत्रों में भी इसी तरह प्रभावी समन्वय के साथ राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किए जाने चाहिए। मुख्यमंत्री ने थराली आपदा में प्रभावी राहत एवं बचाव कार्यों के लिए एसडीआरएफ व एनडीआरएफ के काम को भी सराहा। मुख्यमंत्री ने राज्य में अगले दो दिन ऑरेंज अलर्ट के दृष्टिगत सभी जिलाधिकारियों को तैयारी पूरी रखने व आपदा प्रबंधन सामग्री उपकरण आदि संवेदनशील स्थानों पर रखने के निर्देश दिए।
अध्ययन के लिए कमेटी गठित कर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने चमोली के थराली, पौड़ी के सैजी और उत्तरकाशी जिले के धराली में आई आपदाओं के पैटर्न के अध्ययन के लिए विभिन्न प्रतिष्ठित एजेंसियों के विशेषज्ञों एवं वैज्ञानिकों की एक कमेटी गठित कर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में मुख्य सचिव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे ।