भागीरथी ने मैराथन में 42 किमी की लंबी दौड़ में दूसरा स्थान हासिल किया। इससे पहले भी वह ईरान में आयोजित 42 किलोमीटर की मैराथन में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।
उत्तराखंड के चमोली जिले में देवाल के वाण गांव की भागीरथी बिष्ट ने प्रदेश का मान बढ़ाया है। हैदराबाद में आयोजित मैराथन दौड़ में 42 किमी की लंबी दौड़ में भागीरथी ने दूसरा स्थान हासिल कर रजत पदक जीता। भागीरथी ने यह दौड़ महज 2 घंटे 51 मिनट में पूरी की। तेलंगाना के मुख्यमंत्री अनुमुला रेवंत रेड्डी ने भागीरथी को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया।
विज्ञापन
भागीरथी के कोच सुनील शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि भागीरथी ने प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि भागीरथी लगातार कड़ी मेहनत और अनुशासन के साथ प्रशिक्षण ले रही हैं। इससे पहले भी वह ईरान में आयोजित 42 किलोमीटर की मैराथन में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। इसके अलावा देश के अलग-अलग हिस्सों में आयोजित कई मैराथन प्रतियोगिताओं में भाग लेकर उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर उत्तराखंड समेत चमोली जिले और देवाल क्षेत्र में खुशी की लहर है।
भागीरथी बिष्ट ने बताया कि उनका सपना ओलंपिक खेलों में देश को स्वर्ण पदक दिलाना है। इस मौके पर विधायक भूपाल राम टम्टा, कांग्रेस नेता संदीप पटवाल आदि ने खुशी जताई।