विकासखंड नंदानगर के घुमकी क्षेत्र में देर रात कार के खाई में गिरने से सेना के जवान की मौत हो गई। मृतक की पहचान कुरूड़ निवासी संदीप (पुत्र स्व. बच्ची राम गौड़) के रूप में हुई है। संदीप इन दिनों छुट्टी पर गांव आया हुआ था।
विज्ञापन
बताया गया कि संदीप देर शाम कार से लुन्तरा की ओर गए थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर उनके भाई पवन उसे खोजने लुणतरा-चरबंग तक गए, लेकिन संदीप का पता नहीं चला। सुबह लुन्तरा के घुघटी नामक स्थान पर खाई में कार दिखाई देने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस, एसडीआरएफ और ग्रामीणों ने रेस्क्यू कर संदीप का शव खाई से बाहर निकाला, पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए गोपेश्वर भेज दिया है। संदीप करीब आठ वर्ष से सेना में सेवारत था। उसकी शादी तीन वर्ष पहले हुई थी और उसका एक साल का बच्चा है। घटना से कुरूड़ गांव में शोक की लहर है।