करीब 40 साल बाद छत्रधारी चालदा महासू देवता समाल्टा गांव से खत दसऊ-पशगांव के दो साल के प्रवास पर जाएंगे। आगमन को लेकर खत के लोगों में उत्साह है। देवता के प्रवास को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।
देवता के प्रवास को लेकर रविवार को खत दसऊ-पशगांव के 15 गांवों के लोगों की लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में बैठक हुई। जिसमें जागड़े की व्यवस्थाओं को लेकर विचार-विमर्श किया गया। आयोजन को भव्य बनाने के लिए समितियों का गठन किया गया। बैठक में देवता किस दिन समाल्टा गांव से खत दसऊ- पशगांव स्थित चालदा महासू देवता मंदिर में विराजमान होंगे इस पर भी चर्चा की गई। उन लोगों का भी चयन किया गया, जो तिथि लेने के लिए समाल्टा गांव जाएंगे। बैठक में खत स्याणा शूरवीर सिंह चौहान, मातबर सिंह तोमर, रघुवीर सिंह नौटियाल, रमेश सिंह, सरदार सिंह, केशर सिंह, सूरत सिंह, बलवीर सिंह, कुंवर सिंह, सरदार दत्त शर्मा आदि मौजूद रहे।
नराया गांव में एक रात प्रवास करेंगे देवता
समाल्टा से दसऊ के प्रवास पर जाने के दौरान चालदा महाराज एक दिन के लिए खत बमटाड़ के नराया गांव में रात्रि प्रवास करेंगे। इसे लेकर गांव में खत के 24 गांव के लोगों की बैठक हुई। जिससे कार्यक्रम को सफल बनाने पर चर्चा की गई। इस मौके पर सदर स्याणा मातबर सिंह तोमर, खाक स्याणा बुद्ध सिंह तोमर, अजब नेगी, जवाहर सिंह, नागचंद तोमर, परम सिंह, गुमान सिंह तोमर, दलीप सिंह चौहान, मोहर सिंह आदि मौजूद रहे।