राजकीय इंटर कॉलेज सोरना डोभरी में 140 छात्र-छात्राएं टाट पट्टी पर बैठकर पढ़ाई करने को मजबूर हैं। विद्यालय में 240 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं। केवल 100 छात्रों के लिए ही कुर्सी मेज है। विद्यालय प्रबंधन लगातार कुर्सी और मेज के लिए शिक्षा विभाग को डिमांड भेज रहा है, लेकिन शिक्षा विभाग ध्यान नहीं दे रहा है।
सरकारी स्कूलों में सुविधाओं को बेहतर बनाने के दावे किए जाते है, लेकिन अब भी कई विद्यालय संसाधनों की कमी से जूझ रहे हैं। इनमें विकासनगर ब्लॉक के राजकीय इंटर कॉलेज सोरना डोभरी भी शामिल है। विद्यालय में छात्राओं की संख्या तो बढ़ी, लेकिन उसके सापेक्ष कुर्सी और मेज की संख्या को नहीं बढ़ाया गया। हालांकि, इसमें विद्यालय प्रबंधन की लापरवाही नहीं है। वह लगातार शिक्षा विभाग को कुर्सी और मेज के लिए डिमांड भेज रहा है। हैरानी की बात यह है कि बार-बार डिमांड भेजने के बाद भी शिक्षा विभाग विद्यालय में कुर्सी और मेज का प्रबंध नहीं कर रहा है। हाल यह है कि विद्यालय में 140 छात्र-छात्राएं टाट पट्टी पर और 100 छात्र मेज-कुर्सी पर बैठकर पढ़ाई करते हैं। प्रधानाचार्य दिनेश नौटियाल ने बताया कि कुर्सी और मेज की उपलब्धता के लिए विभाग गंभीर नहीं है। छात्र-छात्राओं को काफी परेशानी होती है।
बीईओ विकासनगर विनीता नेगी कठैत ने कहा कि प्रधानाचार्य से विद्यालय में कुर्सी और मेज की कमी की जानकारी ली जाएगी। रिपोर्ट लेने के बाद सामना की उपलब्धता के लिए मुख्यालय प्रस्ताव भेजा जाएगा।