राजकीय दून मेडिकल कॉलेज के टीचिंग अस्पताल में जल्द ही अत्याधुनिक सुविधाओं युक्त 30 बेड की सेंट्रलाइज आईसीयू का निर्माण किया जाएगा। आईसीयू का निर्माण मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया के मानकों के अनुसार किया जाएगा। इससे मरीजों को खासी राहत मिलेगी।
महिला अस्पताल के पास निर्माणाधीन नई बिल्डिंग में सेंट्रलाइज आईसीयू बनाए जाने की योजना है। इसके बाद मेडिसिन, सर्जिकल, ईएनटी और जरनल आईसीयू एक साथ हो जाएंगे। अस्पताल की ओटी भी इसी बिल्डिंग में शिफ्ट की जाएगी। मौजूदा समय में अस्पताल में आईसीयू की कमी के कारण मरीजों को खासी परेशानी झेलनी पड़ती है।
सेंट्रलाइज्ड ओटी होने के बाद मरीजों को क्रिटिकल केयर आसानी से मिल सकेगी। दूसरी ओर लंबी कवायद के बाद भी अस्पताल में सेंट्रलाइज कंट्रोल रूम के लिए जगह उपलब्ध नहीं हो पाई है। अस्पताल के चिकित्साधीक्षक डॉ. केके टम्टा ने बताया कि नई बिल्डिंग बनने के बाद जगह की पर्याप्त उपलब्धता रहेगी। इससे कंट्रोल रूम का निर्माण हो सकेगा। वहीं सेंट्रलाइज्ड आईसीयू होने का मरीजों को लाभ मिलेगा।