जटिल हालात में भी डेढ़ गुना बढ़ा अर्थव्यवस्था का आकार
सीएम ने कहा कि लगभग 80 प्रतिशत पर्वतीय भू-भाग वाले उत्तराखंड राज्य का 71 प्रतिशत क्षेत्र वनों से आच्छादित है। राज्य की जटिल भौगोलिक परिस्थिति तथा विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं के कारण यहां की आर्थिक गतिविधियां सीमित हैं। इन प्रतिकूल परिस्थितियों एवं सीमित संसाधनों के बावजूद राज्य की अर्थव्यवस्था में लगभग डेढ़ गुना की वृद्धि हुई है।
एसडीजी रैकिंग में अव्वल रहे, केयर एज रेटिंग में भी दूसरे स्थान पर
सीएम ने बैठक में बताया कि वर्ष 2023-24 में नीति आयोग की जारी एसडीजी रैंकिंग में उत्तराखंड ने प्रथम स्थान प्राप्त करने के साथ ही इस वर्ष जारी केयर एज रेटिंग रिपोर्ट में सुशासन एवं वित्तीय प्रबंधन के क्षेत्र में छोटे राज्यों की श्रेणी में भी दूसरा स्थान प्राप्त किया है। राज्य में समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगारोधी कानून, भू-कानून बनाकर उत्तराखंड को समरस एवं सुरक्षित राज्य बनाने के लिए कार्य किए जा रहे हैं। उत्तराखंड को आयुष तथा वेलनेस हब के रूप में विकसित किया जा रहा है। राज्य में देश की पहली योग नीति का शुभारंभ भी किया गया है। राज्य में दो आध्यात्मिक आर्थिक क्षेत्र की स्थापना करने का निर्णय भी लिया गया है।