सीडीएस जनरल अनिल चौहान आज अपने पैतृक गांव गवाणा पहुंचे हैं। यह उनका गांव में पहला आगमन है। उनके आगमन को लेकर ग्रामीणों में भारी उत्साह है। गांव के लोग बेसब्री से उनका इंतजार करते दिखे।
शुक्रवार को पैतृक गांव गवाणा पहुंचने पर सीडीएस जनरल अनिल चौहान को लोगों ने भव्य स्वागत किया। गवाणा में वह पूजन समारोह में शामिल हुए। साथ ही देवलगढ़ स्थित सिद्धपीठ राजराजेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना की।
वहीं उत्तरकाशी के हर्षिल में भी सीडीएस ने वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत हर्षिल सांस्कृतिक एवं विरासत केंद्र का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से देश-विदेश के पर्यटकों को गंगोत्री, हर्षिल और गढ़वाल क्षेत्र के गौरवशाली इतिहास की जानकारी भी मिलेगी। इसके बाद उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर कहा कि सीमांत गांव के लोग और सेना एक दूसरे के पूरक हैं। देश की सुरक्षा के साथ ही इन इलाकों के विकास के लिए दोनों की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने गंगा के शीतकालीन प्रवास मुखवा गांव में पूजा की।