सीबीएसई 12 वीं बोर्ड की परीक्षा में 99.60% अंक प्राप्त कर देहरादून रीजन में पहले नंबर रहने वाले अभिनव ने बताया कि वह इंजीनियरिंग के क्षेत्र में अपना भविष्य बनाएंगे। मूल रूप से टिहरी जिले के चमियाला के बिलेश्वर गांव निवासी अभिनव का परिवार गुमानीवाला स्थित चीनी गोदाम वाली गली में रहता है। अभिनव के पिता विदेश में नौकरी करते हैं।
ये भी पढ़ें...CBSE Board 10th 12th Result Live : दून का 12वीं परीक्षा परिणाम रहा 85.39 प्रतिशत, अभिनव को 99.60 फीसदी अंक
उनका परिवार करीब 15 साल से गुमानीवाला में रह रहा है। अभिनव ने बताया कि वह प्रतिदिन आठ से 10 घंटे तक पढ़ाई करते थे। अपनी सफलता का श्रेय उन्होंने अपने गुरुजनों और मां को दिया है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया से दूरी बनाकर मोबाइल का सदुपयोग कर अच्छे नंबर हासिल किए जा सकते हैं। अन्य छात्रों को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, नियमित अध्ययन और अध्यापकों की ओर से बताए गए रास्ते पर जाकर सफलता हासिल की जा सकती है।