पुलिस की गिरफ्त में अवैध शराब बेचने के आरोपी
बसंत विहार पुलिस ने ईंटों में छिपाकर लाई गई अंग्रेजी शराब की 130 पेटियों के साथ मालिक और चालक को गिरफ्तार किया है। कैंटर मालिक पंचायत चुनाव के मद्देनजर चंडीगढ़ की ब्रांड शराब खरीदकर कर लाया था।
एसएसपी अरुण मोहन जोशी के मुताबिक त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मद्देनजर पुलिस को शराब की तस्करी पर अंकुश लगाने को निर्देश दिए हुए हैं। इसी कड़ी में बसंत विहार थाना प्रभारी नत्थीलाल उनियाल ने पुलिस टीम ने जीएमएस रोड पर चेकिंग के दौरान देर रात एक कैंटर को रोका गया, जिसमें ईंटें भरी थी।
चालक का कहना था कि वो पंजाब से ईंट लेकर आए हैं। शक होने पर ईंटाें को हटाया गया तो शराब की पेटी नजर आई। ईंटाें को उतारा गया तो कैंटर से अंग्रेजी शराब की 130 पेटियां बरामद हुईं। बरामद शराब चंडीगढ़ ब्रांड की है। कैंटर मालिक जगदीश भारद्वाज निवासी शांति विहार और चालक मुनेश कुमार निवासी ट्रांसपोर्ट नगर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
आरोपी जगदीश भारद्वाज टूर एंड ट्रैवलर्स के नाम से ट्रेवल एजेंसी चलाता है। उसकी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान शराब बेचने की योजना थी। इसके लिए शराब को ईंटाें के बीच में छिपाकर लाया था। आरोपी पहले भी हल्द्वानी और नैनीताल में शराब की सप्लाई कर चुका है। पुलिस ने आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर उनका चालान कर दिया। कैंटर को भी सीज किया गया है।