देहरादून। चोरों ने राजपुर रोड पर दो दुकानों का ताला तोड़कर नगदी व सामान चोरी कर लिया। चोरी दो अलग-अलग कांप्लेक्स में स्थित दुकानों में हुई। पुलिस ने दुकान मालिक की शिकायत पर मुकदमा दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार घटना शनिवार रात में किसी समय हुई है। ये दोनों कांप्लेक्स मधुबन होटल के पास स्थित हैं। डालनवाला इंस्पेक्टर मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि पारस अरोड़ा की आओ जी चाय शॉप के नाम से दुकान है। रविवार सुबह वे दुकान खोलने पहुंचे तो ताला टूटा हुआ मिला। अंदर सामान इधर उधर बिखरा था। अरोड़ा के अनुसार दुकान से चोरों ने सिगरेट के पैकेट और गल्ले में रखे चार हजार रुपये चुरा लिए। दूसरी चोरी पास ही स्थित स्वारन कांप्लेक्स में हुई। यहां पर मोहन कुमार की दुकान है। चोरों ने इस दुकान का ताला तोड़कर वहां से स्पीकर चोरी कर लिए। दोनों मामलों में एक ही मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आसपास और कांप्लेक्स में मौजूद सीसीटीवी कैमरों की मदद से घटना की जांच कर रही है।