पुलिस ने एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) और जल संस्थान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। दोनों संस्थाओं पर सड़क पर गड्ढे करके यातायात बाधित करने का आरोप है। शहर में सीवर लाइन डालने का काम एडीबी करता है तो पेयजल लाइन डालने और कनेक्शन देने का काम जल संस्थान करता है।
बसंत बिहार थाना क्षेत्र के इंदिरानगर पुलिस चौकी के दारोगा सुनील सिंह नेगी की ओर से एडीबी और जल संस्थान के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। दरअसल, आईएमए ब्लड बैंक से बल्लूपुर चौक और बल्लीवाला चौक से जीएमएस रोड तक एडीबी की ओर से सीवर लाइन डाली जा रही है। इसी जगह पर जल संस्थान का भी पेयजल कनेक्शन शिफ्टिंग का काम चल रहा है।
ठेकेदारों कर रहे लापरवाही
पुलिस का आरोप है कि कार्यदायी संस्थाओं के ठेकेदारों की लापरवाही की वजह से काम बेहद धीमी गति से किया जा रहा है। इन कार्यों की वजह से इस क्षेत्र में आए दिन यातायात बाधित हो रहा है। जिसकी वजह से आम जनता को भारी परेशानी हो रही है और यातायात संचालन में दिक्कत हो रही है।
इसके चलते ठेकेदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। बता दें कि इससे पहले भी डालनवाला थाने की ओर से एडीबी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जा चुका है। इसके बावजूद एडीबी के ठेकेदारों की मनमानी जारी है।
इनका है कहना
रोड खुदाई से पहले जिलाधिकारी और ट्रैफिक पुलिस से अनुमति ली गई है। एडीबी पर क्यों मुकदमा दर्ज हो गया, नहीं पता। बुधवार को मामले का पता लगाया जाएगा। इसके बाद एडीबी की ओर से पक्ष रखा जाएगा।
-विनय मिश्रा, प्रोजेक्ट मैनेजर, एडीबी
विभाग की संपत्ति सड़क पर है तो काम भी सड़क पर ही होगा। जल संस्थान की ओर से फ्लाईओवर के चलते पेयजल कनेक्शन शिफ्टिंग का काम किया जा रहा था। मुकदमे की जानकारी विभाग को नहीं है।
-एलके अदलखा, अधीक्षण अभियंता, जल संस्थान