पेपर लीक के सात आरोपियों पर लगाई गैंगस्टर
पटवारी भर्ती की परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक करने के आरोपी उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के अनुभाग अधिकारी सहित जेल में बंद सातों आरोपियों के खिलाफ एक और कार्रवाई की गई है। कनखल थाने में सभी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
बीते बृहस्पतिवार को एसटीएफ ने पेपर लीक मामले का खुलासा करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया था। लोक सेवा आयोग के अतिगोपन अनुभाग-3 के अनुभाग अधिकारी संजीव चतुर्वेदी और उसकी पत्नी रितु, राजपाल निवासी ग्राम कुलचंदपुर उर्फ नथौडी थाना गागलहेडी जिला सहारनपुर हाल ग्राम सुकरासा अंबूवाला पथरी, संजीव कुमार निवासी ग्राम कुलचंदपुर उर्फ नथौडी थाना गागलहेडी सहारनपुर हाल फ्लैट नंबर जी-407 जुर्स कंट्री ज्वालापुर, रामकुमार निवासी ग्राम सेठपुर लक्सर, मनीष कुमार निवासी गंगनहर कोतवाली रुड़की, प्रमोद निवासी लक्सर के खिलाफ कनखल थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि पेपर लीक करने वाले सभी सात आरोपी जेल में बंद हैं। आरोपियों के खिलाफ एक ओर कार्रवाई की गई है। कनखल थाने में सभी के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुराना अनुभव आएगा काम : एसएसपी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) भर्ती घोटाले मामले में एसटीएफ के एसएसपी रहते हुए जांच की गई। उसका अनुभव भी पेपर लीक प्रकरण में काम आएगा। एसटीएफ का निर्देशन करते हुए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। एक-एक कर सभी आरोपियों तक एसआईटी पहुंचेगी। एसटीएफ से विवेचना ग्रहण करने के बाद एसआईटी ने तेजी से कार्य शुरू कर दिया है।