सेलाकुई थाना पुलिस ने लोडर की टक्कर से यूपी के वाराणसी निवासी लॉजिस्टिक कंपनी के चालक की मौत के मामले में आरोपी वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस को दी तहरीर में हरियाणा के जिंद जिले के सिंघवा गांव निवासी जय श्री श्याम लॉजिस्टिक कंपनी के मैनेजर जय प्रकाश शर्मा ने बताया कि यूपी के वाराणसी के सुल्तानपुर गांव निवासी सोरन सिंह पुत्र राजाराम उनकी कंपनी में चालक था। 26 अक्तूबर की सुबह 11 बजे वह सेलाकुई थाना क्षेत्र के ईडी चौक के पास डिवाइडर पर बैठा था। इस दौरान टिहरी गढ़वाल के टिंगरी गांव निवासी लोडर चालक सुमित पंत ने लापरवाही से डिवाइडर पर वाहन चढ़ा दिया। इससे सोरन सिंह घायल हो गया। उसे उपचार के लिए सेलाकुई स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां तीन घंटे तक घायल पर ध्यान नहीं दिया गया। उसे सामान्य उपचार दिया गया। रेफर भी नहीं किया गया। अस्पताल में ही घायल की मौत हो गई। उप निरीक्षक मुकेश भट्ट ने बताया कि आरोपी चालक के खिलाफ नए कानून बीएनएस के तहत लापरवाही से वाहन चलाने और मौत का कारण बनने संबंधी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।