सेलाकुई थाना क्षेत्र की सिग्नेचर फाइटोकेमिकल इंडस्ट्रीज के नाम से नकली दवाइयां बनाने का मामला आया है। पुलिस ने दक्षिणी दिल्ली के नेहरू एन्क्लेव के कालकाजी एक्सटेंशन निवासी सुशील कुमार और हरियाणा के फरीदाबाद के जवाहर लाल नेहरू कॉलोनी निवासी धर्मेंद्र गुप्ता के खिलाफ कॉपीराइट उल्लंघन अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना प्रभारी पीडी भट्ट ने बताया कि सेलाकुई क्षेत्र की सिग्नेचर फाइटोकेमिकल इंडस्ट्रीज के मानव संसाधन एग्जीक्यूटिव मनमोहन सिंह नेगी नेगी थाने आए। उन्होंने बताया कि उनकी कंपनी अंतरराष्ट्रीय बाजारों में वितरण के लिए उत्पादों का निर्माण करती है। कुछ असामाजिक तत्व और व्यावसायिक प्रतिस्पर्धी उनकी कंपनी के पंजीकृत ट्रेडमार्क, लोगो और ब्रांड के नाम का दुरुपयोग कर रहे हैं। वह उनकी कंपनी के उत्पादों की नकली कॉपी बनाकर घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में बेच रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इससे कंपनी की प्रतिष्ठा को आघात पहुंच रहा है। यह ट्रेडमार्क और कॉपीराइट अधिनियम का उल्लंघन भी है। उन्होंने बताया कि जो इन फर्मों के लिए कार्य कर रहे हैं, उनका नाम सुशील कुमार और धर्मेंद्र गुप्ता है। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ कॉपीराइट अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।