सहसपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर चांचक में तीन कार और एक स्कूटर को टक्कर मारने वाले हरिद्वार के गंगनहर कोतवाली क्षेत्र निवासी कार चालक पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी तहरीर में विकासनगर कोतवाली क्षेत्र के जीवनगढ़ स्थित डिफेंस कॉलोनी निवासी सलीम बेग ने बताया कि 13 अप्रैल को वह अपनी पत्नी नवाल अंजुम के साथ कार से विकासनगर से देहरादून जा रहे थे। इस दौरान दोपहर 2.30 बजे सेलाकुई की ओर से तेज गति से आ रही एक कार ने विपरीत दिशा में आकर टक्कर मार दी। बताया कि हादसे में उनकी कार क्षतिग्रस्त हो गई। उनकी पत्नी को सिर व अन्य जगह चोटें आईं हैं। उन्होंने बताया कि कार चालक ने दो और कार और एक स्कूटर को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। आरोप लगाया कि कार चालक नशे में था और मौके से भाग गया।
थाना प्रभारी शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि तहरीर के आधार पर हरिद्वार की गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के टोडा कल्याणपुर निवासी नसीर अहमद के खिलाफ संबंधी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कर रही है।