चार दिनों से शहीद स्मारक पर धरना दे रहे युवाओं के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। इनमें चार युवा नामजद हैं, जबकि 50-60 अन्य को भी आरोपी बनाया गया है। मुकदमा दर्ज होने के बाद भी युवा शहीद स्मारक और जिला न्यायालय के गेट पर धरने पर डटे हुए हैं।
शहीद स्मारक पर बैठे युवाओं को बार-बार अधिकारी समझा रहे थे। लेकिन, युवा अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। प्रशासन की ओर से सोमवार रात को भी युवाओं को मुकदमे की चेतावनी दी गई थी मगर, युवाओं ने वहां से हटने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने वहां बैठे युवाओं के खिलाफ धारा 144 के उल्लंघन करने पर भारतीय दंड संहिता की धारा 188 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शहर कोतवाल विद्याभूषण नेगी ने बताया कि चौकी प्रभारी धारा की तहरीर पर दर्ज मुकदमे में जसपाल निवासी त्यूनी, अंकित निवासी कालसी, अनिल सिंह निवासी चकराता और सुरेश निवासी हिंडोलाखाल को नामजद किया गया है। बता दें कि इस प्रकरण में नौ फरवरी से लेकर अब तक युवाओं पर पांच मुकदमे दर्ज किए गए हैं। नौ फरवरी को हुए पथराव के आरोप में बॉबी पंवार समेत 13 आरोपी जेल में भी बंद हैं।
न्यायालय परिसर का गेट खुला पर नहीं हटे युवा
पुलिस ने सोमवार को 10 बजे से पहले ही बेरिकेडिंग आदि हटा दिए थे। ताकि, न्यायिक कार्यों में बाधा न हो। अधिवक्ता इधर से उधर जा सकें। इसके बाद जिला न्यायालय परिसर का गेट भी खुल गया। लेकिन, गेट के बाहर बैठे युवा सोमवार को भी वहां से नहीं हटे। इन्हें पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने समझाने का प्रयास किया लेकिन उन्होंने किसी की नहीं सुनी।