फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Dehradun News: केयरटेकर ने रची बुजुर्ग महिला के घर लूट की साजिश, भाई-बहन समेत तीन गिरफ्तार

विज्ञापन
विज्ञापन
देहरादून। बसंत विहार थाना क्षेत्र के कांवली गांव में बुजुर्ग महिला के घर हुई लूट की घटना की साजिश घर के केयरटेकर ने ही रची थी। उसने घर की पूरी जानकारी देकर अपने परिचितों को वारदात में शामिल किया और खुद दरवाजा खोलकर उन्हें घर के अंदर बुलाया। इसके बाद बुजुर्ग महिला और उनकी नौकरानी की आंखों में स्प्रे डालकर सोने के आभूषण और नकदी लूट ली गई। पुलिस ने घटना के 36 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटे गए जेवर और 15 हजार रुपये नकद बरामद कर लिए हैं। वहीं, मुख्य साजिशकर्ता केयरटेकर होशियार सिंह की तलाश की जा रही है। वारदात सोमवार को हुई थी।
विज्ञापन

एसपी सिटी शेखर सुयाल ने बताया कि, कांवली गांव निवासी रमेश कौर संधू ने 23 नवंबर को बसंत विहार थाने में घर से नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। जांच के दौरान महिला और उनकी नौकरानी के बयान सामने आने पर पता चला कि वारदात चोरी नहीं, बल्कि लूट की थी। घटना की रात दोनों घर में सो रही थीं। इसी दौरान बदमाशों ने उनकी आंखों में स्प्रे डाल दिया और महिला के हाथों में पहने सोने के कड़े समेत अन्य आभूषण जबरन उतार लिए। इसके बाद घर में रखे जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर सोने की चूड़ियां, मंगलसूत्र और पेंडेंट, सोने की अंगूठी, दो जोड़ी झुमकियां, दो जोड़ी चांदी की पायल, चांदी की कमर की तिकड़ी, सफेद मोती की माला, मोती जड़ा सोने का कड़ा और 15 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
केयरटेकर ने दी घर की पूरी जानकारी
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों से पूछताछ की। जांच में सामने आया कि घर में केयरटेकर के रूप में काम करने वाले होशियार सिंह ने ही लूट की योजना बनाई थी। उसने बिजनौर निवासी हिमांशु, उसके भाई नितिन और बहन रुपा को घर की जानकारी दी और वारदात में शामिल होने का लालच दिया। योजना के अनुसार, 22 नवंबर की रात करीब दो बजे तीनों घर पहुंचे। होशियार सिंह पहले से मौजूद था। उसी ने दरवाजा खोलकर उन्हें अंदर बुलाया और वारदात को अंजाम देने में मदद की।
विज्ञापन

कब्रिस्तान के पास से तीनों गिरफ्तार
बसंत विहार थाना प्रभारी अमित शर्मा ने बताया कि 25 नवंबर को सूचना मिली कि घटना में शामिल हिमांशु अपने भाई और बहन के साथ लूट का सामान छिपाकर देहरादून से बाहर जाने की फिराक में है। तीनों कांवली गांव स्थित कब्रिस्तान के पास मौजूद हैं। इस पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर कांवली गांव में झाड़ियों के पास पत्थर के नीचे छिपाकर रखी लाल कपड़े की थैली से लूटे गए आभूषण और 15 हजार रुपये बरामद किए गए।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में हिमांशु (21) और नितिन (23) पुत्र सुरेंद्र सिंह और उनकी बहन रुपा (20) पुत्री सुरेंद्र सिंह निवासी ग्राम चितावर, थाना किरतपुर, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश) शामिल हैं। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर प्राथमिकी में धारा बढ़ाई है। वहीं, केयरटेकर होशियार सिंह की भूमिका सामने आने के बाद उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें