भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण की ओर से बनाए जाने वाले आधार कार्डों में ऐसी लापरवाही बरती जा रही है जो देश को खतरे में डाल सकती है।
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण द्वारा नेपाली नागरिकों को जारी कर दिए गए। बागेश्वर में कई नेपाली मजदूर जेब में आधार कार्ड लिए घूम रहे हैं। नियम कायदों को ताक पर रखकर गैर भारतीयों को आधार कार्ड जारी करने से प्रशासन और एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं।
नेपालियों को आधार कार्ड जारी होने की भनक सुरक्षा एजेंसियों तक को नहीं है। बागेश्वर जिला एक ओर चीन और नेपाल सीमा से लगे पिथौरागढ़ जिले तो दूसरी ओर चमोली जिले से लगा हुआ है। हाल के दिनों में जिले के तमाम गांवों में पर्चे चिपकाने की घटनाओं से यहां पर माओवादियों के भी सक्रिय होने के प्रमाण मिल चुके हैं।
भारत आने वाले नेपालियों को आधार कार्ड जारी
aadhar card
नेपाल लंबे समय तक माओवाद से प्रभावित रहा है। मजदूरी के लिए हर साल हजारों की तादाद में नेपाल से मजदूर बागेश्वर जिले में आते हैं। माओवादी गतिविधियों में लिप्त रह चुके नेपाली नागरिकों के भी भारत की ओर रुख करने की आशंका बनी रहती है। इसके बावजूद बिना जांच पड़ताल के भारत आने वाले नेपालियों को आधार कार्ड जारी कर दिए गए।
बागेश्वर में कई नेपाली परिवारों के हर सदस्य के आधार कार्ड बने हैं। किराए के मकानों या टेंटों में रहकर मजदूरी करने वाले इन सभी नेपाली मजदूरों को स्थानीय पते पर आधार कार्ड जारी किए गए हैं। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण की ओर से भारतीय नागरिकों को जारी होने वाले आधार कार्ड में संबंधित व्यक्ति की पूरी डिटेल मौजूद रहती है।
राशन कार्ड और बैंक के खातों से लेकर मोबाइल नंबर तक इस समय आधार कार्ड से जोड़े जा रहे हैं। आधार कार्ड को वर्तमान में पहचान पत्र के रूप में सबसे अधिक इस्तेमाल किया जा रहा है।
गैर भारतीयों को आधार कार्ड जारी करना बड़ा गंभीर सवाल
aadhar card
ऐसे में यदि पूर्व में आपराधिक पृष्ठभूमि वाले नेपाली नागरिकों को आधार कार्ड मिला तो भविष्य में उसके दुरुपयोग की पूरी आशंका रहेगी। आधार कार्ड बनाने वाली एजेंसियों ने बिना प्रमाण के कैसे गैर भारतीयों को आधार कार्ड जारी कर दिए यह बड़ा गंभीर सवाल बन गया है।
नेपाली नागरिकों को आधार कार्ड जारी करना बड़ी चूक है। इससे देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए खतरा हो सकता है।
- मोहन चंद्र भंडारी, रिटायर्ड मेजर जनरल
भारतीय विशिष्ट पहचान के रूप में इस्तेमाल होने वाला आधार कार्ड केवल भारतीयों के लिए है। नेपाली नागरिकों को आधार कार्ड कैसे जारी किए गए यह जांच का विषय है। आधार कार्ड जारी करने से पहले संबंधित व्यक्ति के विषय में पड़ताल होनी चाहिए। यदि इस तरह की शिकायत मिली तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- सुखवीर सिंह, एसपी, बागेश्वर