सिडकुल में इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंप में घटतौली का मामला सामने आया है। जिस कार की टंकी की क्षमता ही 42 लीटर थी, उसमें 47 लीटर पेट्रोल डाल दिया गया। कार स्वामी के शिकायत करने पर पेट्रोल पंप मालिक और मैनेजर ने उनके साथ अभद्रता की। ग्राहक ने इस मामले में जिलापूर्ति अधिकारी से शिकायत की है।
शिवालिक नगर निवासी फैक्ट्रीकर्मी राहुल शर्मा पुत्र सुनील कुमार शर्मा अपने दोस्त के साथ बुधवार शाम पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने पहुंचे थे। उन्होंने पंप कर्मचारी से टंकी फुल करने की बात कही। कर्मचारी ने जब 47 लीटर पेट्रोल भरने की बात कही तो कार स्वामी चौंक गया।
पंप कर्मचारी को बताया कि उनकी कार की टंकी ही 42 लीटर की है, फिर भला उसमें 47 लीटर पेट्रोल कैसे आ सकता है। वह भी तब जब पहले से भी कुछ पेट्रेाल टंकी में था। पंप कर्मचारी के ठीक से जवाब न देने पर उन्होंने मैनेजर से बात करनी चाही तो मैनेजर ने भी अभद्रता कर दी। पंप मालिक से संपर्क साधा तो उनके तेवर भी कर्मचारियों की तरह रहे।
थक हार कर पीड़ित ने 47 लीटर पेट्रोल की कीमत अदा कर पर्ची ले ली। फैक्ट्री कर्मी ने अब जिलापूर्ति अधिकारी को पूरे मामले की शिकायत की है। इधर, इंडियन ऑयल के फील्ड अफसर पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि इस संबंध में शिकायत मिली है, जांच करा रहे हैं। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।